– फरीदाबाद में 13 दिसंबर को पीएमवीबीआरवाई पर विशेष बैठक होगी आयोजित
फरीदाबाद, राकेश देव। मंडल रोजगार अधिकारी योगेश कुमार ने बताया कि दिनांक 13 दिसंबर 2025 को प्रातः 11:00 बजे फरीदाबाद इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के सभागार में “प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना” से संबंधित एक विशेष बैठक आयोजित की जा रही है। इस बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के युवा अधिकारिता तथा उद्यमिता विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन द्वारा की जाएगी। बैठक में फरीदाबाद के लगभग 100 प्रमुख नियोजक भाग लेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक नियोजकों को पीएमवीबीआरवाई के लाभ और इसके आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृत इस योजना को 1 अगस्त, 2025 से लागू किया जा चुका है। पीएमवीबीआरवाई का उद्देश्य देश में समावेशी और स्थायी रोजगार के अवसर सृजित करना है। योजना के अंतर्गत 2 वर्षों में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 1.92 करोड़ लाभार्थी पहली बार कार्यबल में शामिल होंगे। यह योजना विशेष रूप से विनिर्माण सेक्टर पर ध्यान देते हुए विभिन्न सेक्टरों में नए रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहन प्रदान करती है। इस योजना में दो भाग हैं, भाग ए पहली बार रोजगार पाने वालों पर केंद्रित है तथा भाग बी नियोक्ताओं पर केंद्रित है: भाग एः पहली बार रोजगार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहनः- ईपीएफओ में पहली बार पंजीकृत कर्मचारियों को लक्षित करते हुए, इस भाग में एक महीने का ईपीएफ वेतन, अधिकतम 15,000 रुपये दो किश्तों में दिया जाएगा। 1 लाख रुपये तक के वेतन वाले कर्मचारी इसके पात्र होंगे। पहली किश्त 6 महीने की सेवा के बाद और दूसरी किश्त 12 महीने की सेवा और कर्मचारी द्वारा वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम पूरा करने के बाद देय होगी। बचत की आदत को प्रोत्साहित करने के लिए, प्रोत्साहन राशि का एक हिस्सा एक निश्चित अवधि के लिए बचत साधन या जमा खाते में रखा जाएगा और कर्मचारी बाद में इसे निकाल सकेगा। भाग बीः नियोक्ताओं को सहायता:- यह भाग सभी सेक्टरों में अतिरिक्त रोजगार सृजन को कवर करेगा, जिसमें विनिर्माण सेक्टर पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नियोक्ताओं को एक लाख रुपये तक के वेतन वाले कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन राशि मिलेगी। सरकार कम से कम छह महीने तक निरंतर रोजगार वाले प्रत्येक अतिरिक्त कर्मचारी के लिए दो वर्षों तक नियोक्ताओं को 3000 रुपये प्रति माह तक का प्रोत्साहन देगी। विनिर्माण सेक्टर के लिए प्रोत्साहन राशि को तीसरे और चौथे वर्ष तक भी बढ़ाया जाएगा। ईपीएफओ के साथ पंजीकृत प्रतिष्ठानों को कम से कम छह महीने के लिए निरंतर आधार पर कम से कम दो अतिरिक्त कर्मचारी (50 से कम कर्मचारियों वाले नियोक्ताओं के लिए) या पांच अतिरिक्त कर्मचारी (50 या अधिक कर्मचारियों वाले नियोक्ताओं के लिए) नियुक्त करने की आवश्यकता होगी। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत नियोक्ताओं को दिए जाने वाले प्रोत्साहन की संरचना इस प्रकार होगी: योजना में अतिरिक्त कर्मचारियों के ईपीएफ वेतन के आधार पर नियोक्ता को लाभ प्रदान किया जाएगा। यदि किसी अतिरिक्त कर्मचारी का ईपीएफ वेतन 10,000 रुपये तक है, तो नियोक्ता को प्रति माह 1,000 रुपये तक का प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, 10,000 रुपये से अधिक और 20,000 रुपये तक वेतन वाले कर्मचारियों के लिए नियोक्ता को प्रति माह 2,000 रुपये तक का प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अलावा, 20,000 रुपये से अधिक और 1 लाख रुपये प्रति माह तक वेतन वाले कर्मचारियों के लिए नियोक्ता को प्रति माह 3,000 रुपये तक का प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा। साथ ही, 10,000 रुपये तक के ईपीएफ वेतन वाले कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन राशि आनुपातिक रूप से दी जाएगी।यह कार्यक्रम नियोक्ताओं और रोजगारार्थियों को योजना के लाभों से अवगत कराने और फरीदाबाद में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।



