फरीदाबाद, राकेश देव। माननीय श्री संदीप कुमार गर्ग, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद के कुशल मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा आमजन को “मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0” अभियान से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी श्री जितेन्द्र सिंह ने बताया कि माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण , नई दिल्ली तथा मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति , माननीय सर्वोच्च न्यायालय के मार्गदर्शन में देशव्यापी विशेष अभियान “मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0” आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित तथा अन्य ऐसे विवादों का आपसी सहमति से त्वरित, सरल और कम खर्चीला समाधान सुनिश्चित करना है, जिनमें समझौते की संभावना हो। उन्होंने बताया कि 01 अगस्त, 2026 से 30 सितम्बर, 2026 तक मध्यस्थता योग्य मामलों की पहचान की जाएगी तथा 01 अक्टूबर, 2026 से अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा मामले, घरेलू हिंसा से संबंधित मामले, चेक बाउंस मामले, व्यापारिक एवं वाणिज्यिक विवाद, सेवा संबंधी मामले, उपभोक्ता विवाद, संपत्ति विभाजन, किरायेदारी विवाद तथा अन्य समझौता योग्य मामलों को मध्यस्थता के लिए चिन्हित किया जाएगा। श्री जितेन्द्र सिंह ने कहा कि मध्यस्थता एक प्रभावी एवं सौहार्दपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से पक्षकार निष्पक्ष मध्यस्थ की सहायता से आपसी सहमति के आधार पर अपने विवाद का समाधान कर सकते हैं। इससे समय और धन की बचत होती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा आपसी संबंध भी सुरक्षित रहते हैं। मध्यस्थता की संपूर्ण प्रक्रिया गोपनीय होती है और इसका उद्देश्य सभी पक्षों के लिए स्वीकार्य समाधान तक पहुंचना होता है। उन्होंने जिले के नागरिकों, अधिवक्ताओं, सरकारी विभागों, संस्थानों तथा न्यायालयों में लंबित मामलों के पक्षकारों से अपील की कि वे इस विशेष अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता को प्राथमिकता दें। इच्छुक व्यक्ति जिला न्यायालय परिसर स्थित मध्यस्थता एवं सुलह केंद्र, फरीदाबाद अथवा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने आगे बताया कि अभियान के दौरान मध्यस्थता योग्य मामलों की सूची न्यायालयों के नोटिस बोर्ड तथा अन्य आधिकारिक माध्यमों पर प्रदर्शित की जाएगी ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए आमजन जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, न्यायालयों में लंबित मामलों के पक्षकार अपने संबंधित न्यायालय में आवेदन देकर अपने मामले को मध्यस्थता एवं सुलह केंद्र भेजे जाने का अनुरोध भी कर सकते हैं। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद ने सभी नागरिकों से “मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0” अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और विवादों के शांतिपूर्ण एवं स्थायी समाधान की इस राष्ट्रीय पहल को सफल बनाने का आह्वान किया है।
“मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0” अभियान के माध्यम से विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान को मिलेगा बढ़ावा



