महाराणा प्रताप केवल किसी एक समाज के नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं: उमेश भाटी
फरीदाबाद, राकेश देव। ओल्ड फरीदाबाद मार्केट स्थित पथवारी मंदिर परिसर में शनिवार को महाराणा प्रताप के जयघोषों से गूंज उठा, जब महाराणा प्रताप राजपूत सेवा समिति द्वारा महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के प्रदेश अध्यक्ष किशन ठाकुर ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ठाकुर उमेश भाटी चेयरमैन हरियाणा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप की तस्वीर पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उमेश भाटी ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल किसी एक समाज के नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव हैं। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन मातृभूमि, स्वाभिमान और धर्म की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। कार्यक्रम के आयोजक किशन ठाकुर ने कहा कि महाराणा प्रताप जयंती मनाने का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि देना नहीं बल्कि समाज को अपने गौरवशाली इतिहास से जोडऩा है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को यह जानना चाहिए कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी मुगलों की अधीनता स्वीकार नहीं की और अंतिम सांस तक मातृभूमि की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि समाज को संगठित होकर महाराणा प्रताप के आदर्शों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए, ताकि युवाओं में राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना मजबूत हो सके। इस अवसर पर समाज के कई वरिष्ठ लोग, युवा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।



