फरीदाबाद, राकेश देव । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर गांव बडोली, फरीदाबाद स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं ने भाग लिया।यह कार्यक्रम माननीय श्री संदीप गर्ग, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद के कुशल मार्गदर्शन तथा श्रीमती रीतू यादव, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद की उपस्थिति एवं देखरेख में आयोजित किया गया।इस अवसर पर श्रीमती रीतू यादव ने उपस्थित महिलाओं को राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा बताया कि इस दिवस को क्यों मनाया जाता है। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल, संतुलित आहार एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।इसके उपरांत डॉ. पारुल ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, आवश्यक दवाइयों तथा गर्भावस्था के दौरान आने वाली सामान्य समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनका समाधान डॉ. पारुल द्वारा किया गया।कार्यक्रम के अंत में गर्भवती महिलाओं को मेडिकल किट एवं फल वितरित किए गए।इस अवसर पर आंगनवाड़ी सुपरवाइजर सुश्री भारती तथा रक्षा अधिवक्ता रविंद्र गुप्ता सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।



