– एसआईआर-2026 की पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ईआरओ करें नियमित फील्ड निरीक्षण: डीसी एवं डीईओ आयुष सिन्हा
फरीदाबाद, राकेश देव। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा ए. श्रीनिवास ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा निर्धारित समयावधि में कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों तथा विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए तथा सभी गतिविधियों का निष्पादन पूर्ण गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित किया जाए।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक जिले के बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे तथा मैपिंग का कार्य करेंगे। उन्होंने आमजन से भी इस प्रक्रिया में सहयोग करने तथा प्रपत्रों को सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ भरकर समय पर उपलब्ध कराने की अपील की।उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए हैं कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की प्रक्रिया के दौरान नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण अवश्य करें।उन्होंने कहा कि घर-घर सत्यापन, प्रगणकों एवं बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की निगरानी के लिए ईआरओ स्वयं क्षेत्र का दौरा करें तथा प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि फील्ड स्तर पर निरंतर निरीक्षण से कार्य की प्रगति का सही आकलन होगा और किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा समस्या का समय रहते समाधान किया जा सकेगा। उन्होंने सभी ईआरओ को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर एसआईआर प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और उसकी शुद्धता एवं अद्यतनता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करना होगा।बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, सीईओ जिला परिषद शिखा अंतिल, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद डॉ हनी बंसल, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एस्टेट ऑफिसर एचएसवीपी नवीन कुमार, नगराधीश अंकित कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



