– ड्रॉ दोपहर 1 बजे डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, सेक्टर-14, फरीदाबाद में संपन्न होगा
फरीदाबाद, राकेश देव ।अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग द्वारा लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित फ्लैटो के आवंटन हेतु फरीदाबाद शहर में फ्लैटो का ड्रॉ 30 मार्च, 2026 को आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि यह ड्रॉ दोपहर 1 बजे डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-14, फरीदाबाद में संपन्न होगा। इस ड्रॉ के माध्यम से विभिन्न निजी कॉलोनाइजर्स द्वारा प्रस्तुत परियोजनाओं में उपलब्ध ईडब्ल्यूएस श्रेणी के फ्लैटो का पारदर्शी तरीके से आवंटन किया जाएगा।

अतिरिक्त उपायुक्त ने आगे बताया कि इस योजना के तहत लगभग 200 वर्ग फुट क्षेत्रफल के फ्लैट निर्धारित किए गए हैं, जिनकी अधिकतम कीमत प्रति फ्लैट 1.50 लाख रुपये निर्धारित की गई है। कुल 637 फ्लैटो का आवंटन किया जाएगा।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत फरीदाबाद के विधवा एवं अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र आवेदकों से 10,000 रुपये की राशि जमा करवाई गई थी। सत्यापन उपरांत पात्र पाए गए कुल 728 आवेदकों में से ड्रॉ के माध्यम से फ्लैटो का आवंटन किया जाएगा।श्री सतबीर मान ने कहा कि ड्रॉ प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष एवं पारदर्शी होगी और इसमें घुमंतु जाति, अनुसूचित जाति तथा विधवा आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने संबंधित पात्र आवेदकों से निर्धारित समय पर स्थल पर उपस्थित रहने का आग्रह किया।अधिक जानकारी के लिए संबंधित आवेदक अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय, लघु सचिवालय, सेक्टर-12, फरीदाबाद या हाउसिंग फॉर ऑल विभाग हरियाणा के दूरभाष नंबर 0172-2585852 एवं आधिकारिक वेबसाइट पर भी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।



