Sunday, June 28, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

प्राचीन पांडुलिपियों एवं ऐतिहासिक अभिलेखों की खोज अभियान को गंभीरता से लें अधिकारी : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया

– ज्ञान भारतम्’ वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर अपलोड करें प्राचीन पांडुलिपियों का ब्यौरा

– पांडुलिपि धारकों का स्वामित्व रहेगा सुरक्षित, आगे आएं नागरिक

फरीदाबाद, राकेश देव। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने जिले में संचालित ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत प्राचीन पांडुलिपियों, ऐतिहासिक अभिलेखों तथा सांस्कृतिक धरोहरों की खोज एवं दस्तावेजीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस महत्वपूर्ण अभियान को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिकता निभाने से कार्य नहीं चलेगा, बल्कि प्रत्येक विभाग को अपने स्तर पर सक्रिय प्रयास करते हुए धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थानों तक पहुंच बनानी होगी।एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि जिले के मंदिरों, गुरुद्वारों, मस्जिदों, जैन मंदिरों, मदरसों, आश्रमों, डेरे, आर्य समाज संस्थानों तथा अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों में वर्षों पुरानी पांडुलिपियां, वंशावलियां, अभिलेख एवं ऐतिहासिक दस्तावेज सुरक्षित हो सकते हैं। ऐसे में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संस्थानों के प्रबंधकों, महंतों, इमामों, पुरोहितों तथा पुराने परिवारों से संवाद स्थापित कर उपलब्ध सामग्री की जानकारी जुटाए। उन्होंने विशेष रूप से पुराने ब्राह्मण परिवारों, वंशावली संरक्षित करने वाले परिवारों तथा पारंपरिक धार्मिक संस्थानों से जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए।एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि यदि किसी संस्थान में पांडुलिपियां या अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं तो उसका भी सत्यापन किया जाए और संबंधित संस्थान से प्रमाणित जानकारी प्राप्त की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वेक्षण कार्य को व्यापक स्तर पर संचालित करते हुए प्रत्येक संभावित स्थल का भ्रमण सुनिश्चित किया जाए तथा फील्ड स्तर पर कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता सभी विभागों के समन्वित प्रयासों पर निर्भर करती है और प्रत्येक अधिकारी को व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्य करना होगा।उन्होंने ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों, राजस्व अधिकारियों, स्थानीय निकायों तथा अन्य संस्थाओं को सक्रिय सहयोग देना होगा ताकि जिले में उपलब्ध प्राचीन धरोहरों की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर संरक्षित किया जा सके।एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने आह्वान किया कि ज्ञान भारतम् मिशन के तहत आम नागरिक भी अपनी पांडुलिपियों की जानकारी सेक्टर 12 लघु सचिवालय स्थित एडीसी कार्यालय को या सीधे मोबाइल ऐप के माध्यम से साझा कर सकते हैं।चिन्हित पांडुलिपियों को राष्ट्रीय डिजिटल रिपॉजिटरी में सुरक्षित रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान में पांडुलिपि धारकों का स्वामित्व पूर्णत: सुरक्षित रहेगा।बैठक में एडिशनल नगर निगम कमिश्नर गौरव अंतिल, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, डीआरओ विकास सिंह, डीडीपीओ प्रामिन्द्र सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles