बल्लभगढ़ और एनआईटी फरीदाबाद के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी से गैस की गड़बड़ी पर सीधे करें संपर्क
फरीदाबाद, राकेश देव। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि जिले में रसोई गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और घरेलू गैस के व्यावसायिक दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने बताया कि जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है ताकि आम जनता को सुचारू रूप से गैस आपूर्ति मिलती रहे और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कविता सिंह परिहार ने बताया कि विभाग ने जन शिकायतों के समाधान के लिए तंत्र को और मजबूत कर दिया है। आंकड़ों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 08 अप्रैल 2026 को टोल-फ्री नंबर पर कुल 06 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 04 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। शेष 02 शिकायतों पर विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी गैस की ओवर-रेटिंग (अधिक मूल्य वसूली), जमाखोरी या घरेलू सिलेंडरों का कमर्शियल इस्तेमाल दिखाई दे, तो वे तुरंत जिला हेल्पलाइन नंबर 0129-2288245 पर सूचित करें। इसके अलावा, क्षेत्रवार अधिकारी बल्लभगढ़ क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अजीत सिंह (मोबाइल नंबर: 9810212115) तथा एनआईटी फरीदाबाद क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी विनय मुद्गल (मोबाइल नंबर: 8168792654) को भी सीधे सूचना दी जा सकती है।


