फरीदाबाद, राकेश देव। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जनता को आश्वस्त किया है कि क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर्याप्त है और वितरण प्रणाली बिना किसी बाधा के काम कर रही है। उन्होंने निवासियों से आग्रह किया कि वे भ्रामक खबरों से बचें और डर के कारण सिलेंडरों का भंडारण न करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन तेल कंपनियों और वितरकों पर कड़ी नजर रखे हुए है ताकि सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) कविता सिंह परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की मांग के अनुसार 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सप्लाई चेन पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है और किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है। डीएफएससी कविता सिंह परिहार ने विस्तृत आंकड़े साझा करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान जिले में कुल 23,717 घरेलू गैस सिलेंडरों की डिलीवरी उपभोक्ताओं को सफलतापूर्वक की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वर्तमान में मांग के अनुरूप शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और स्टॉक की कोई कमी नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि चूंकि मांग और आपूर्ति के बीच कोई अंतर नहीं है, इसलिए वे गैस एजेंसियों पर अनावश्यक लाइन न लगाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जरूरत से ज्यादा सिलेंडर घर में रखना न केवल अनावश्यक है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिम भरा हो सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की सप्लाई निर्बाध रूप से जारी रहेगी, अतः जनता धैर्य बनाए रखे।


