फरीदाबाद, राकेश देव।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद द्वारा प्रदूषण मुक्त खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “हार्वेस्टिंग हार्मोनी” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता तथा कृषि विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से भाग ले रहे हैं।यह अभियान किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण रहित खेती के महत्व के बारे में जागरूक करने के लिए चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और पराली के उचित प्रबंधन के लाभ बताए जा रहे हैं। इस अवसर पर श्रीमती रितु यादव, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-कम-सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद ने बताया कि पर्यावरण की रक्षा और स्वच्छ हवा बनाए रखने के लिए प्रदूषण मुक्त खेती अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसानों, सरकारी विभागों और विधिक सेवाओं के संयुक्त प्रयासों से ही पर्यावरण संतुलन और जनस्वास्थ्य की रक्षा संभव है।यह अभियान 31 अक्तूबर 2025 तक जारी रहेगा। इस दौरान जिले के विभिन्न गांवों और कृषि क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, किसानों के साथ संवाद और प्रदर्शन सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।



