राजस्थान का स्पेशल अचार और नमकीन बने पर्यटकों की पसंद
-अनारदाना, जीरा गोली और इमली लड्डू के मुरीद हुए लोग
अन्य खाद्य उत्पाद की भी हो रही खूब बिक्री
फरीदाबाद, राकेश देव। 39 वें सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव-2026 में देश-विदेश से आए हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों के बीच इस बार राजस्थान के विशेष अचार और नमकीनों ने पर्यटकों का खास ध्यान आकर्षित किया है। रंग-बिरंगे स्टॉलों पर सजे पारंपरिक स्वाद लोगों को अपनी ओर खींच रहे हैं। खासतौर पर अनारदाना गोली, जीरा गोली और इमली लड्डïू की खट्टी-मीठी चटकारेदार स्वाद ने बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को मुरीद बना दिया है।राजस्थान से सूरजकुंड मेला परिसर में स्टॉल लगा रहे संचालकों का कहना है कि इस शिल्प महोत्सव में उमड़ रहे पर्यटकों के चलते बिक्री में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पर्यटक न केवल इन उत्पादों का स्वाद चखने के बाद अपने साथ पैक कराकर ले जा रहे हैं। पारंपरिक मसालों और देसी विधि से तैयार किए गए ये उत्पाद शुद्धता और गुणवत्ता के कारण लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं।स्टॉल संचालकों के अनुसार, अनारदाना और जीरा गोली पाचन के लिए लाभकारी मानी जाती है, वहीं इमली लड्डïू का खट्टा-मीठा स्वाद हर आयु वर्ग को आकर्षित कर रहा है। इसके अलावा आम, नींबू और मिर्च के आचार और पारंपरिक पापड़ की भी अच्छी खासी मांग है।पर्यटकों का कहना है कि महोत्सव में हस्तशिल्प के साथ-साथ पारंपरिक व्यंजनों की विविधता भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। राजस्थान के अचार और नमकीनों की बढ़ती लोकप्रियता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय पारंपरिक स्वाद की बात ही कुछ और है। महोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों के स्वाद एक ही स्थान पर मिलना एक अनोखा अनुभव है। कई पर्यटकों ने बताया कि वे हर वर्ष यहां आते हैं और राजस्थान के स्टॉल से विशेष रूप से खरीदारी करते हैं।



