Monday, February 16, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

पेंशन, राशन और रोजगार के मुद्दों पर कांग्रेस का पैदल मार्च; राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

फरीदाबाद, राकेश देव। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-12 स्थित पेट्रोल पंप से लघु सचिवालय तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिला उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।मार्च के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और सरकार विरोधी नारे लगाए। जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें नए-नए नियम लागू कर जनता के हितों पर कुठाराघात कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को सम्मान और आत्मसम्मान के साथ जीवन यापन करने के लिए पेंशन दी जाती है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में बिना किसी स्पष्ट कारण के बुजुर्गों को परेशान किया जा रहा है।कौशिक ने कहा कि सुबह से शाम तक वरिष्ठ नागरिक अपनी पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने प्रशासन से पेंशन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की मांग की।किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए कौशिक ने कहा कि ट्रेड डील के नाम पर किसानों के साथ विश्वासघात किया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि कृषि और दुग्ध क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय समझौते बिना पर्याप्त सुरक्षा प्रावधानों के किए गए, तो देश के दूध उत्पादक किसानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों के हितों की रक्षा के लिए स्पष्ट नीति सामने रखनी चाहिए।राशन कार्ड कटौती के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। कौशिक ने आरोप लगाया कि बिना ठोस कारण के गरीब परिवारों के राशन कार्ड काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जिन्हें गरीब माना गया, वही लोग चुनाव के बाद अचानक अपात्र घोषित कर दिए गए। इसे उन्होंने चुनावी लाभ के लिए की गई कार्रवाई बताया।रोजगार के प्रश्न पर कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे और बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान युवाओं को सरकारी नौकरियों और रोजगार के अवसर देने के वादे किए गए थे, लेकिन अब पढ़े-लिखे नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं।कौशिक ने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद किसान, मजदूर, गरीब, दलित, अल्पसंख्यक और महिलाओं के अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनहितकारी नीतियों को धीरे-धीरे समाप्त किया जा रहा है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने नीतियों में बदलाव कर किसानों, दलितों, पिछड़ों और गरीबों के हितों की रक्षा नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी और सरकार को चैन से नहीं बैठने देगी।इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस विचार विभाग के अध्यक्ष विनोद कौशिक, वेद प्रकाश यादव, रेनू चौहान, अनिल शर्मा, अशोक रावल, गौरव ढींगड़ा, मुकेश डागर, बिजेंद्र त्रिपाठी, बाबूलाल, रवि, अनुज शर्मा, सुनीता फागना, बिल्लू यादव, पम्मी मान, सरला भामोत्रा, नरेश शर्मा, दिनेश शर्मा, उमेश कौशिक, ललित बंसल, रमेश सरपंच, अजीत भाटी, मोहसिन खान, वीरेंद्र गुर्जर, प्रेम यादव, राजकुमार यादव, विकास फागना, इकबाल कुरैशी, सरदार बलजीत सिंह अरोड़ा, मोहन तेवतिया, राहुल नागर, नरेश गोयल, मनीष बौद्ध, जुबेर खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles