Thursday, March 26, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

जल गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सैंपलिंग, क्लोरीनेशन और टेस्टिंग जरूरी : डीसी

– उपायुक्त आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में जिला जल एवं सीवरेज मिशन बैठक आयोजित

फरीदाबाद, राकेश देव। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में ग्रामीण पेयजल आपूर्ति, जल गुणवत्ता, जल जीवन मिशन योजनाओं के हस्तांतरण तथा ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली की समीक्षा हेतु  जिला जल एवं सीवरेज मिशन बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों, पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग, पंचायती राज विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। जल गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि समयानुसार सभी गांवों में नियमित रूप से पानी की सैंपलिंग की जाए। बैक्टीरियल टेस्टिंग, क्लोरीनेशन तथा हैवी मेटल जांच चरणबद्ध तरीके से कराई जाए। जिन गांवों में बाहरी स्रोत से पानी की आपूर्ति हो रही है, वहां संबंधित विभाग से समन्वय कर क्लोरीनेशन एवं डिसइन्फेक्शन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का सर्वे कर यह सुनिश्चित किया जाए कि भवन के अंदर तक पानी का कनेक्शन उपलब्ध हो। जहां आवश्यकता हो वहां अनुमान तैयार कर कार्य कराया जाए तथा जरूरत पड़ने पर सीएसआर अथवा अन्य योजनाओं से भी सहयोग लिया जाए। डीसी आयुष सिन्हा ने पंचायतों के बैंक खातों, ऑपरेटरों के वेतन, बिजली भुगतान तथा जल योजनाओं के रखरखाव की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों के खाते, तथा संबंधित रिकॉर्ड पूर्ण रूप से अपडेट रखे जाएं। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता और मात्रा दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब तक 65 गांवों में पेयजल योजनाओं का सफलतापूर्वक ग्राम पंचायतों को हैंडओवर किया जा चुका है। इन योजनाओं के अंतर्गत हर घर नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है तथा ग्राम पंचायतों द्वारा इनके संचालन एवं रख-रखाव की व्यवस्था की जा रही है। डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी हैंडओवर की गई योजनाओं की  जांच कराकर यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी घरों तक कनेक्शन सही स्थिति में कार्य कर रहे हैं। उन्होने कहा कि पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता और मात्रा दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता राहुल बेरवाल, जिला सलाहकार सत्यनारायण नेहरा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी मिनाक्षी चौधरी सहित अन्य कई अधिकारीगण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles